हाथरस: डीएम और एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/ हाथरस: आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सोमवार को सासनी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ब्लैक स्पॉट, जलभराव की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जलभराव के स्थायी समाधान पर चर्चा
सासनी चौराहे पर जलभराव की समस्या को देखते हुए अधिकारियों ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने और पानी की निकासी के लिए पंप लगाने जैसे स्थायी समाधान पर भी चर्चा की।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।






