भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जयकारों से गूंज उठा नगर

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जनपद के नगर पंचायत कोहड़ौर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम की जयंती के दिन रविवार को भक्ति और उत्साह का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। कस्बे में स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में न केवल धार्मिक अनुष्ठान हुए, बल्कि एक विशाल शोभायात्रा के जरिए समूचा नगर जय परशुराम व जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और आरती उतारी गई। इस अवसर पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। जिसमें कोहड़ौर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए ब्राह्मण समाज के सैकड़ों वरिष्ठ प्रबुद्धजनों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। उपस्थित युवाओं ने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया जो सामाजिक समरसता और परंपराओं के सम्मान का प्रतीक बना। पूजन के पश्चात मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा का आगाज़ हुआ। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और परशुराम के शौर्य को समर्पित भजनों पर युवा और प्रबुद्धजन झूमते नजर आए। हाथों में केसरिया ध्वज लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें कस्बे की सड़कों पर आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। शोभायात्रा के दौरान सुसज्जित रथ और घोड़े आकर्षण का केंद्र बने रहे। शोभायात्रा श्रीराम जानकी मंदिर से निकलकर बाजार के एक छोर से दूसरे छोर तक होते हुए पुनः श्रीराम जानकी मंदिर में आकर समाप्त हुई। शोभायात्रा के दौरान थाना प्रभारी धनंजय राय पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुस्तैदी के साथ डटे रहे जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शोभायात्रा जिस मार्ग से भी गुजरी, वहां का वातावरण पूरी तरह आस्था के रंग में डूबा नजर आया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया।






