उत्तराखंडपुरोला

आगामी विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बनाया बड़ा मुद्दा


जन एक्सप्रेस/ पुरोला:
 आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता दिनेश चौहान ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रही है, जिसके कारण बड़ी संख्या में युवाओं में निराशा और आक्रोश है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जनता परेशान है। उनके अनुसार महंगाई, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं जैसी समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में इन जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और जनता के बीच जाकर अपनी नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और चुनावी रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र नेगी, जगवीर रावत, विजयपाल रावत, पवन पंवार, सोबत राणा, प्रकाश कुमार, विमला देवी, राजुली बत्रा, अतोला, जय प्रकाश, मनोज, अनोज रावत सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button