उत्तराखंडनई टिहरी

जौनपुर क्षेत्र पंचायत की बैठक में छाए जनसमस्याओं के मुद्दे

जन एक्सप्रेस  / नई टिहरी :  विकासखंड जौनपुर सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याएं प्रमुखता से उठीं। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सीता पंवार ने की, जबकि विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग को ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ संयुक्त बैठकें आयोजित कर क्षेत्रीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत, प्रस्तावित, सर्वेक्षित एवं टेंडर की स्थिति वाली सभी सड़कों की अद्यतन जानकारी सार्वजनिक करने पर जोर दिया।

विधायक ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि सभी जूनियर इंजीनियर अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत लाइनों का सर्वेक्षण पूरा करें तथा अगली बैठक तक झूलते तारों और अन्य विद्युत समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। वहीं जिन मामलों में जिला अथवा शासन स्तर से स्वीकृति आवश्यक है, उनके लिए समयबद्ध पत्राचार किया जाए।

बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शिक्षा विभाग के क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत, खेल मैदानों के विकास, शिक्षकों की दूरस्थ क्षेत्रों से आवाजाही तथा लगातार घटती छात्र संख्या जैसे मुद्दे उठाए। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह कार्की ने इन विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षकों को विद्यालय से आठ किलोमीटर की परिधि के भीतर निवास सुनिश्चित करने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी गई है।

पेयजल से संबंधित समस्याओं पर चर्चा करते हुए सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाओं के पुनर्निर्माण तथा विभिन्न तोकों तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस संबंध में जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में लोक निर्माण विभाग से जुड़ी जर्जर सड़कों, क्षतिग्रस्त स्थलों पर पुश्ते एवं पैराफिट निर्माण, नई सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा नालियों की सफाई जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार टम्टा ने विभागीय कार्यों की प्रगति से सदन को अवगत कराया।

सदस्यों ने आपदा और विपरीत परिस्थितियों में लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी मशीनों की समय पर उपलब्धता की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण व्यवस्था बताया।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख जयकृष्ण उनियाल, कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल एवं जोत सिंह, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button