मध्यप्रदेश

जल गंगा संवर्धन अभियान को मिला अपार जनसहयोग : मुख्यमंत्री डॉ यादव

उज्जैन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को गंगा दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गंगा दशहरा का यह पावन अवसर है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा तय किया गया था कि पर्यावरण दिवस पांच जून से गंगा दशहरा तक हमारे नदी, कुएं, पोखर, तालाब, झरने आदि जल स्रोतों के साथ हमारी ऐतिहासिक धरोहर चोपड़ा बावड़ियों के संरक्षण और संवर्धन का काम किया जाएगा। मुझे बताते हुए खुशी है कि जल गंगा संवर्धन अभियान सफल रहा है। छह लाख से अधिक लोगों द्वारा अभियान में जन भागीदारी की गई है। जल स्रोतों की संरक्षण के लिए 4000 करोड़ रुपये से अधिक के काम किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव रविवार को उज्जैन में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत पुरातात्विक धरोहर मोदी का चोपड़ा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सभी को जल स्त्रोत के संरक्षण और संवर्धन की शपथ दिलाई। पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, विवेक जोशी तथा संभागायुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मोदी का चोपड़ा जल स्त्रोत का भ्रमण किया औरजिला प्रशासन को इस ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा के साथ बेहतर रखरखाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोदी का चोपड़ा गोवर्धन सागर का ही एक अंग है। इसकी विशेषता यह है कि यहां सदैव पानी की निर्बाध रूप से आपूर्ति बनी रहती है। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोत मोदी का चोपड़ा का कायाकल्प किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पितृ दिवस की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस अवसर पर सभी को पितृ दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पिता का कर्तव्य अनुपम होता है और पिता के द्वारा सभी कि अपेक्षाएं और आकांक्षा पूरी होती है। उन्होंने कहा कि माता-पिता इस धरती पर भगवान तुल्य होते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button