
नई टिहरी : टिहरी जनपद के जाखणीधार और प्रतापनगर क्षेत्र के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मदननेगी में बहुप्रतीक्षित केंद्रीय विद्यालय के संचालन को केंद्रीय विद्यालय संगठन ने अंतिम स्वीकृति दे दी है। सोमवार को संगठन के उपायुक्त दीपेश गहलोत द्वारा जारी शासनादेश के बाद अब इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
एक सप्ताह में शुरू होंगे एडमिशन
केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी प्रदीप चंद्र थपलियाल ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल डायट भवन के हस्तांतरण जैसी कुछ औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक कुल 200 सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के बच्चों को घर के पास ही उच्च स्तरीय शिक्षा मिल सकेगी।
पलायन रोकने में मिलेगी मदद
क्षेत्रीय जनता लंबे समय से यहाँ केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग कर रही थी। केंद्र सरकार ने 2021 में ही इसकी स्वीकृति दे दी थी, लेकिन भवन और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं के कारण संचालन में देरी हो रही थी। अब विद्यालय शुरू होने से बेहतर शिक्षा की तलाश में शहरों की ओर पलायन कर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिलने पर टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल सहित कई नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह का संदेश: “लंबे समय से स्थानीय जनता की यह मांग लंबित थी। अब क्षेत्र के छात्रों को सुलभ और गुणवत्तापरक शिक्षा मिलेगी, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल होगा।”
उपस्थित गणमान्य और समर्थक:
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, पूर्व दायित्वधारी प्रेमदत्त जुयाल, भाजपा महामंत्री बलवंत रावत, एससी आयोग सदस्य सुनीता देवी, रमेश रतूड़ी और परमवीर पंवार सहित अनेक स्थानीय लोगों ने केंद्र व राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है।







