उत्तरकाशीउत्तराखंड

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई: कुख्यात महिला ड्रग तस्कर मेहराज गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत उत्तरकाशी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से वांछित चल रही कुख्यात महिला ड्रग तस्कर मेहराज को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ उत्तरकाशी और देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार अप्रैल माह में उत्तरकाशी पुलिस ने स्मैक के साथ विनोद लाल और शुभम नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे स्मैक की खरीदारी मेहराज से करते थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने मेहराज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए मेहराज लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। पुलिस की सक्रियता के बावजूद वह लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचती रही। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ जनक सिंह पंवार के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार की टीम ने देहरादून में दबिश देकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान मेहराज पत्नी मुस्तकीम निवासी खुशहालपुर, सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मेहराज लंबे समय से स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी हुई थी। उसके खिलाफ उत्तरकाशी और देहरादून में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य आपराधिक धाराओं में 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह तथा महिला कांस्टेबल कविता जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और समाज में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button