बाँदा

टीचरों पर आरोप लगाने से पहले प्रशासन विद्यालयों में कराये व्यवस्थायें

Listen to this article

– प्राथमिक शिक्षक संघ ने बैठक कर विभिन्न समस्याओं पर किया विचार

जन एक्सप्रेस संवाददाता
बांदा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बांदा के पदाधिकारियों की बैठक जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी की अध्यक्षता में टीचर्स सोसाइटी में संपन्न हुई। जिसमे शिक्षको की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया।
जिलाध्यक्ष ने कहा की वर्तमान में जहा एक ओर शिक्षको ने विद्यालयों में बदलाव की बयार चला रखी है वही अनेक ऐसे मुद्दों पर उसको दोषी बताने का प्रयास किया जा रहा जिनमे उसकी भूमिका साफ सुथरी है। जिस देश के प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद विधायक सांकेतिक झाड़ू लगाकर सफाई के प्रति सोच बदलने को प्रेरित कर रहे, वही विभाग भी सफाई कार्य हेतु बच्चो की सहभागिता पर जोर दे रही, पर जब अध्यापक ऐसा करता है तो उसको आरोपित किया जाता है, जांच होती है। प्रशासन को चाहिए कि हर विद्यालय में एक स्थाई सफाई कर्मी की नियुक्ति करे। संगठन ऐसे हर शिक्षक के साथ खड़ा होगा और उसकी लड़ाई लड़ेगा।

बैठक में पदाधिकारियों ने बताया की अभी तक बच्चो को पूरी पुस्तके भी नही मिल पाई और ऐसे गुणवत्ता की चर्चा बेमानी है। विद्यालयों में सभी बच्चे होशियार हो संभव नही, यदि कोई  बच्चा पुस्तक नही पढ़ पाया तो उस पर कार्यवाही करने वाले उच्चाधिकारियों ने बच्चो से ये सवाल कभी नहीं पूछा कि तुम्हारे पास किताबे हैं कि नहीं। आज भी बच्चो के पास पूरी पुस्तके नही है। जिला मंत्री प्रजीत सिंह ने कहा कि विद्यालयों में आज कल अनेक लोग स्वयं को पत्रकार बताकर किचेन, कक्षा, अभिलेख सब जबरदस्ती देखने की कोशिश करते है जब उनसे परिचय पूछा जाता तो बताने से इंकार करते है, क्योंकि वो पत्रकार होते ही नहीं, ऐसे में अनजान व्यक्तियों जो अराजकतत्व भी हो सकते है, लगातार अकेले कक्षाओं में जाना, मना करने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत की धमकी देना किसी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकता है। ऐसे लोग वास्तविक पत्रकारिता और सम्मानित पत्रकार की क्षवि धूमिल करते है। प्रशासन को ऐसे सम्मानित  मान्यता प्राप्त पत्रकार बंधुओ की सूची जारी करनी चाहिए ताकि विद्यालय में उनकी आईडी देख कर ससम्मान विद्यालय भ्रमण कराकर आवश्यक सूचनाएं दी जा सके और अनावश्यक दखलंदाजी करने वाले व्यक्तियों को विद्यालय आने से रोका जा सके। कोषाध्यक्ष रामसुफल कश्यप ने कहा की पदोन्नति की प्रक्रिया  अब पूर्ण होनी चाहिए।

बैठक में अन्य विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ सदस्यता अभियान, ग्रेच्युटी और पदाधिकारियों की सक्रियता पर चर्चा की गई। सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर सभी समस्याओं पर चर्चा करेगा। सभी पदाधिकारियों से विचार आमंत्रित किए गए तथा किसी भी संघर्ष हेतु तैयार रहने को कहा गया। बैठक में सभी ब्लॉक के अध्यक्ष मंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री और जनपदीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button