:जौनपुरउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

जौनपुर के व्यापारियों को मिला बड़ा सम्मान, जीएसटी में रिकॉर्ड भरपाई पर मंत्री ने बांटे प्रशंसा-पत्र

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर के कलेक्ट्री सभागार में शुक्रवार को एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के दर्जनों व्यापारियों को जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) भरने में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने सभी व्यापारियों को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया और उनके योगदान को सराहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में ईमानदारी और व्यापारिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था।

जौनपुर में अब तक कुल ₹10 करोड़ से अधिक का जीएसटी जमा किया गया है, जो जिले की आर्थिक सक्रियता और व्यापारियों की जागरूकता का परिचायक है। इस अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने उद्बोधन में कहा:

“जौनपुर के व्यापारी हमेशा एक कदम आगे बढ़कर देश की अर्थव्यवस्था में अपना योगदान देते हैं। मैं सभी व्यापारियों को हृदय से धन्यवाद देता हूं। भविष्य में व्यापार को और अधिक प्रोत्साहन देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

 

सम्मानित होने वालों में शारदा ग्रुप ऑफ एजुकेशन के प्रबंध निदेशक और जन एक्सप्रेस की प्रबंध निदेशक इंद्र बहादुर सिंह सहित जिले के कई प्रतिष्ठित व्यापारी शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे इसी तरह पारदर्शिता के साथ कर भरते रहें और जिले के विकास में भागीदार बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button