हरदोई में मिशन शक्ति अभियान- महिलाओं और किशोरियों को साइबर सुरक्षा व महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

उत्तर प्रदेश / हरदोई
हरदोई। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा, स्वावलंबन तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में हरपालपुर थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
बुधवार को हरपालपुर कस्बे में आयोजित चौपाल कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम की महिला आरक्षी आशा और संध्या ने महिलाओं एवं किशोरियों को विभिन्न सुरक्षा विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने गुड टच और बैड टच की पहचान, साइबर ठगी, सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट, ऑनलाइन उत्पीड़न, हैकिंग, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले अन्य साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत सतर्कता बरतें और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। टीम ने उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी वाले पंपलेट भी वितरित किए।
इसके अलावा मिशन शक्ति टीम ने आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता नंबर 181, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है ताकि वे समाज में आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभा सकें।






