धर्म यात्रा महासंघ इस बार केदारनाथ में करेगा रुद्राभिषेक

हरिद्वार । विश्व हिन्दू परिषद से सम्बद्ध धर्म यात्रा महासंघ ने प्रत्येक वर्ष होने वाले अपने विशेष रुद्राभिषेक आयोजन को इस वर्ष केदारनाथ धाम में करने का निर्णय लिया है।
इस आयोजन को लेकर प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक में धर्म यात्रा महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक हरिद्वार में करने पर भी विचार हुआ। इन दोनों ही कार्यक्रमों में धर्म यात्रा महासंघ और तीर्थ पुरोहित महासंघ के सभी प्रांतों के पदाधिकारी सम्मिलित होंगे।
धर्म यात्रा महासंघ के प्रांतीय संरक्षक रविंद्र गोयल की अध्यक्षता और राष्ट्रीय मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल के संचालन में निष्काम सेवा ट्रस्ट भवन, भूपतवाला में हुई बैठक में दिल्ली से आये राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि धर्म यात्रा महासंघ प्रत्येक वर्ष द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक पर महा रुद्राभिषेक का आयोजन करता है। इस वर्ष यह 12वां रुद्राभिषेक है, जो बाबा के केदारनाथ धाम में होगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन में देश के सभी प्रांतों से आने वाले धर्म अनुरागी सपत्नीक भगवान भोले भंडारी का अभिषेक और आराधन करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय समिति ने महासंघ की वार्षिक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के लिए हरिद्वार को प्राथमिकता दी है। इस बैठक में तीर्थ पुरोहित महासंघ का भी प्रतिनिधित्व होगा।
प्रमोद अग्रवाल ने संगठन के विस्तार पर चर्चा करने के साथ धर्म यात्रा महासंघ के मुखपत्र धर्म प्रवाह की सदस्यता बढ़ाने हेतु अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धर्म यात्रा महासंघ का ध्येयवाक्य भारत की आत्मा तीर्थों में वास करती है। तीर्थों का विकास भारत का विकास है के अनुरूप देशभर में विविध प्रकार की धार्मिक यात्राओं में सहयोग व आयोजन के अलावा धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से हिन्दू जागरण के कार्यों में लगा हुआ है।






