
जन एक्सप्रेस/संवाददाता
भारत नेपाल सीमा, बहराइच। नेपाल में एक व्यक्ति ने दो दिन पूर्व बारावफात के दिन सोशल मीडिया पर इस्लाम को निशाना बनाते हुए कुछ गलत टिप्पणी की थी। इसके बाद नेपाल आशांत हो गया था। मुस्लिम धर्म में आस्था रखने वाले लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया था। मंगलवार को एक संगठन ने बाजार बंद की घोषणा करते हुए प्रदर्शन किया। कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की। इसके बाद बांके जिला प्रशासन ने अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। नेपाल में कर्फ्यू लगने के बाद काफी संख्या में भारतीय लोगों के नेपाल में फंसे होने का अनुमान है। वही भारतीय क्षेत्र में काफी संख्या में नेपाल जाने वाले लोग फंस गए हैं। नेपाल में कर्फ्यू का असर भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों पर भी पड़ा है। भारतीय सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
नेपाली मीडिया के मुताबिक बारावफात के दिन सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मुस्लिम धर्म में आस्था रखने वाले लोगों में काफी गुस्सा दिखाई दिया था। लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर टायर जलाया था। जिसके बाद एक संगठन की ओर से की गई बैठक में मंगलवार को नेपालगंज बंद की घोषणा की गई थी।
इस घोषणा के बाद बाजार पूर्णतया बंद रही। संगठन के लोगों ने जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। नगर क्षेत्र में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। बीपी चौक से त्रिभुवन चौक तक जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने पत्थर बाजी और तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियो की ओर से तोड़फोड़, पथराव, सार्वजनिक संपत्ति की तोड़फोड़ की गई। इसके बाद जिला प्रशासन ने दोपहर बाद करीब 1:00 बजे उपनगर महानगर पालिका क्षेत्र में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाने की घोषणा की। कर्फ्यू तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। लोगों को सड़क पर निकलने से रोका गया है। साथ में सुरक्षा कर्मियों की गस्त बढ़ा दी गई है। सुरक्षा कर्मियों को भी सड़क पर निकलकर उत्पात मचाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नेपाल प्रशासन की ओर से अचानक अनिश्चितकालीन कर्फ्यू की घोषणा के बाद कुछ भारतीय लोग नेपाली क्षेत्र में फस गए हैं। वहीं नेपाल में भारतीय क्षेत्र के लोगों के आगमन पर भी रोक लगा दिया गया है। एसएसबी ने नेपाल जाने वाले मालवाहक वाहनों को भी रोक दिया है। इस घटना के बाद सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां भारतीय क्षेत्र में सतर्कता बरत रही हैं।
सद्भावना रैली का किया गया था आयोजन
बहराइच। नेपाल के बांके के नेपालगंज में सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से आज मंगलवार की सुबह नेपालगंज में विभिन्न धार्मिक नेताओं, जन प्रतिनिधियों, नागरिक समाज के नेताओं और प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ एक सद्भावना रैली आयोजित की गई।
नेपालगंज के वीपी चौक से निकाला गया सद्भावना जुलूस धम्बोझी चौक पर पहुंच कर कोंड सभा में तब्दील हो गया। मुख्य जिला अधिकारी बिपिन आचार्य ने बताया कि विभिन्न धर्मों के अनुयायियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज को शामिल कर रैली में सद्भाव का प्रदर्शन किया गया।