उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

नेपाल पुलिस की कार्रवाई: जाली मुद्रा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: भारत का पड़ोसी देश नेपाल राष्ट्र में नेपाली जाली नोटों के गिरोह का नेपाल पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 1000 रुपये के छह और 500 रुपये के चार जाली नेपाली नोट बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मच गया है।
नवलपरासी जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी सोम राज ढकाल ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर पुलिस लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपितों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी सफाई से तैयार किए गए जाली नेपाली नोट बरामद हुए, जिन्हें बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तस्कर काफी समय से सीमा क्षेत्रों में नकली नोटों की सप्लाई करने की फिराक में थे। शुरुआती जांच में गिरोह के तार अन्य जिलों और सीमापार नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। बरामद नोटों की गुणवत्ता इतनी बेहतर बताई जा रही है कि आम लोगों के लिए असली और नकली में फर्क करना मुश्किल था।
नेपाल पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ नकली मुद्रा कारोबार, धोखाधड़ी और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमा सुरक्षा और आर्थिक अपराध पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button