utrakhandटिहरी

नई टिहरी: डीएम नितिका खंडेलवाल ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया

 

संवाददाता :- जोत सिंह 

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- नई टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विकासखंड चंबा स्थित सुमन कॉलोनी आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, पोषण पंजिका तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन करते हुए केंद्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या, उनके नियमित वजन परीक्षण और पोषण आहार की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री को निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा उनके स्वास्थ्य और वजन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों से संवाद भी किया। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को अंग्रेजी वर्णमाला और प्रारंभिक अक्षर ज्ञान का अभ्यास कराया तथा उनसे शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिए, जिस पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की।

जिलाधिकारी ने बच्चों की पुस्तकों का भी अवलोकन किया और उन्हें नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री लक्ष्मी देवी भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button