utrakhand

रुद्रप्रयाग: तिलवाड़ा में केदारनाथ हाईवे पर मलबा गिरा, डीएम विशाल मिश्रा ने किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग :- लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में नगर पंचायत शौचालय के समीप बरसाती नाले से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर आ गिरा। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बहाली कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी और पर्याप्त मानव संसाधन हर समय तैनात रखें, ताकि दोबारा मलबा आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने बरसाती नाले के ऊपरी हिस्से का तकनीकी आकलन कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में मलबा आने की आशंका है तो विस्तृत निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित तकनीकी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए, ताकि स्थायी सुरक्षा उपाय समयबद्ध तरीके से लागू किए जा सकें।

डीएम विशाल मिश्रा ने कहा कि तिलवाड़ा श्री केदारनाथ यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक आवागमन करते हैं। ऐसे में इस मार्ग की नियमित निगरानी, रखरखाव और त्वरित बहाली प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिला प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें और प्रशासन व पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button