उत्तराखंडनई टिहरी

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता दिनेश सिंह धनाई ने सुनी लोगों की समस्याएं

जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: भाजपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने विकासखंड चंबा के ग्राम स्यूल और कुड़ियाल गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों से जानकारी ली और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पूर्व मंत्री के सामने रखीं। स्यूल के प्रधान देव सिंह गुसांई ने कोटी को सड़क से जोड़ने की मांग रखी। वहीं, कुड़ियाल गांव के प्रधान उदय सिंह नकोटी ने लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से अवगत कराया।

पेयजल समस्या के त्वरित समाधान का दावा

कुड़ियाल गांव में पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर दिनेश सिंह धनाई ने दूरभाष के माध्यम से पेयजल निगम के अधिकारियों से संपर्क किया और मौके पर ही समस्या के त्वरित समाधान के लिए बातचीत की। उन्होंने कहा कि जनता से लगातार संवाद कर क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना ही जनसंवाद का उद्देश्य है।

पिछले दस वर्षों के विकास कार्यों पर उठाए सवाल

पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने टिहरी विधानसभा क्षेत्र में पिछले दस वर्षों के विकास को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में अपेक्षा के अनुरूप विकास कार्य नहीं हुए हैं और उनके कार्यकाल में स्वीकृत कई योजनाएं वर्तमान में ठप पड़ी हैं।

धनाई ने कहा कि उनके अनुसार टिहरी विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में पीछे रह गया है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें दोबारा अवसर मिलता तो टिहरी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए काम करते। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए मजबूत जनप्रतिनिधित्व की आवश्यकता पर जोर दिया।

ग्रामीणों से आगे भी संवाद जारी रखने की बात

भ्रमण के दौरान स्यूल और कुड़ियाल गांव के ग्रामीणों ने दिनेश सिंह धनाई का स्वागत किया और उनके साथ क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर संवाद किया। धनाई ने कहा कि उनका उद्देश्य जनता के बीच रहकर समस्याओं को समझना और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्हें ग्रामीणों का समर्थन मिल रहा है। धनाई ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि टिहरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जाकर आगे भी जनता से सीधा संवाद जारी रखा जाएगा।

इस दौरान प्रधान स्यूल देव सिंह गुसांई, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज सकलानी, प्रधान कुड़ियाल गांव गोपाल सिंह नकोटी, पूर्व प्रधान देव सिंह पुण्डीर, व्यापार मंडल चंबा अध्यक्ष बलबीर पुण्डीर, रवि गुसांई, पूर्व प्रधान मंगली देवी, उप प्रधान मीनू, मनवीर सिंह, पूर्व प्रधान चिंता देवी, दर्बियान सिंह, जितेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह, गंभीर सिंह, प्रति देवी, सुलोचना देवी, शैलेन्द्र सिंह, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button