नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की परीक्षा सम्पन्न

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/ हरदोई: हरपालपुर विकास खंड हरपालपुर के बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित विद्यालयों में रविवार को नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा कराई गई। परीक्षा का उद्देश्य ऐसे वयस्कों का मूल्यांकन करना रहा, जिन्हें साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से पढ़ने-लिखने और सामान्य गणितीय ज्ञान की बुनियादी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
सरकार की ओर से निरक्षर वयस्कों को साक्षर बनाने के लिए संचालित नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षार्थियों को पढ़ना, लिखना, अंक पहचानना, सामान्य जोड़-घटाव सहित दैनिक जीवन में उपयोगी बुनियादी ज्ञान प्रदान किया जा रहा है। मूल्यांकन परीक्षा के माध्यम से शिक्षार्थियों की अब तक की सीखने की प्रगति का आकलन किया गया।

इसी क्रम में संविलियन विद्यालय इकनौरा में भी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा में सुलेखा देवी, ममता, रूबी, मीना, अरुणा, तारा देवी, मीनू राठौर, दयावती, अनीता और विनीता सहित 10 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। महिलाओं ने परीक्षा में निर्धारित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी शैक्षिक प्रगति का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक ज्ञान सिंह ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षार्थियों को दैनिक जीवन में आवश्यक पढ़ने-लिखने और संख्यात्मक ज्ञान से सक्षम बनाना भी है। उन्होंने कहा कि साक्षरता व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
परीक्षा के दौरान सहायक शिक्षिका रश्मि सिंह ,शिक्षा मित्र रंजना देवी व रसोइया रामबेटी, नीलम भी विद्यालय में उपस्थित रहीं और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। विद्यालय में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई गई। कार्यक्रम से जुड़े शिक्षकों ने कहा कि वयस्क शिक्षार्थियों में पढ़ने-लिखने के प्रति बढ़ रही रुचि उत्साहजनक है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक निरक्षर लोगों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।





