मिशन शक्ति अभियान के तहत पलिया में ग्राम चौपाल आयोजित

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई: मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत थाना हरपालपुर पुलिस ने पलिया ग्राम में ग्राम चौपाल एवं बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन कर महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और पुरुषों को महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन नंबरों के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।
उपनिरीक्षक अंजना सचान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 1098, 1930, 181 और 112 के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस ने कहा कि किसी भी महिला या बालिका को परेशानी होने पर वह बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सहायता प्राप्त कर सकती है।
चौपाल के दौरान ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने ग्रामीणों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन से सावधान रहने की सलाह दी। पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन साइबर ठगी हो जाती है तो उसे तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक अंजना सचान, महिला आरक्षी संध्या तथा महिला आरक्षी आसनी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।





