207 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

जन एक्सप्रेस/जसपुर: जसपुर कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 207 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, टांडा प्रभापुर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर वाहनों की जांच की गई। पुलिस टीम ने भोगपुर डाम निवासी राजू सिंह को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 207 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
मौके से शराब रखने के लिए इस्तेमाल की जा रही चार रबर ट्यूब और एक प्लास्टिक कट्टा भी बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान राजू सिंह का साथी कुलवंत सिंह मौके पर मौजूद था, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
पुलिस ने बरामद शराब और अन्य सामान को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर शराब के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।