मुठभेड़ में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लुटेरा दबोचा, 25 हजार का इनामी साथी फरार

जन एक्सप्रेस/खुटहन: जौनपुर पुलिस ने सोमवार की रात साहसिक मुठभेड़ में पेरोल पर छूटने के बाद से फरार चल रहे अंतरजनपदीय कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लुटेरे अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका साथी, 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश रवींद्र वर्मा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
थाना प्रभारी रामाश्रय राय अपनी टीम के साथ खुटहन तिराहा पर देर रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राम अधार इंटर कॉलेज, रसूलपुर के पास बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाश किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीछा जारी रखा। इसी दौरान पटैला मोड़ के पास बाइक पर पीछे बैठा एक बदमाश असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया, जबकि उसका साथी बाइक सहित फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के खानपुर बिलारमऊ निवासी अखिलेश यादव के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, जिंदा कारतूस और 1300 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में अखिलेश ने खुलासा किया कि वह मखदूमपुर गांव निवासी फरार इनामी बदमाश रवींद्र वर्मा के गिरोह का सक्रिय सदस्य है। दोनों मुकदमों की पैरवी के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से लूट की वारदात को अंजाम देने खुटहन के रास्ते शाहगंज जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरिशंकर यादव, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, गोविंद यादव, कांस्टेबल रणविजय यादव, कुलदीप गोस्वामी, सोनू यादव और आकाश निषाद की सराहनीय भूमिका






