विश्व पर्यावरण दिवस पर हरदोई में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को शहीद उद्यान, हरदोई में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, प्रभागीय निदेशक वानिकी जेबी सैन्डे, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन और नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान सभी अतिथियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण जरूरी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक विषय नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के कारण पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
डीएम ने कहा कि वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और स्वच्छता को अपनाकर हर नागरिक पर्यावरण बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि सभी लोगों को यह प्रण लेना चाहिए कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान वृक्षों ने शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान कर मानव जीवन की रक्षा की थी। जिस प्रकार एक मां अपने बच्चों की देखभाल करती है, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और हरित विकास को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, डीपीआरओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और हरित भविष्य की दिशा में प्रेरित करने का महत्वपूर्ण प्रयास रहा।




