उत्तराखंडनई टिहरी

पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित 30 पुलिसकर्मी सम्मानित

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में ई-एफआईआर, नागरिक केंद्रित पुलिसिंग, कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन तथा लंबित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

गोष्ठी की शुरुआत पुलिस कर्मियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनने से हुई। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस कर्मियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, क्योंकि एक प्रेरित पुलिस बल ही बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकता है।

जनपद में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 30 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि यह सम्मान अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे ने थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों, नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि टिहरी पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ-साथ नागरिक केंद्रित और संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करना है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा पुलिसकर्मी जनता के प्रति सहयोगात्मक एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाएं।

इस अवसर पर साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार की गई साइबर जागरूकता पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। एसएसपी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में जनजागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि साइबर जागरूकता पुस्तिका के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

बैठक में ई-एफआईआर प्रणाली को प्रभावी बनाने, अपराध एवं नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं यात्रियों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने जैसे कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, सीएफओ, जनपद के सभी थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी तथा थानों से आए पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button