उत्तराखंडविकासनगर

शीशमबाड़ा कूड़ा प्लांट पर सियासत तेज: कांग्रेस ने भाजपा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

जन एक्सप्रेस /  विकासनगर: सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण प्लांट को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सेलाकुई प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमित पंवार ने भाजपा विधायक सहदेव सिंह पुंडीर पर क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

अमित पंवार ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से शीशमबाड़ा और आसपास के गांवों के लोग कूड़ा प्लांट से उठने वाली बदबू, प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतों और विरोध-प्रदर्शनों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि कूड़ा प्लांट से निकलने वाली दुर्गंध के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और कई ग्रामीण बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कई बार स्थानीय विधायक के सामने उठाया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अमित पंवार ने यह भी कहा कि क्षेत्र के लोगों ने कई बार देहरादून से आने वाले कूड़ा वाहनों का विरोध कर उन्हें वापस लौटाया, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने प्रभावी समाधान नहीं निकाला।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कूड़ा प्लांट की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी स्थानीय जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

प्रेस वार्ता में ब्लॉक प्रभारी संजय प्रधान, पूर्व प्रधान सुंदर थापा सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button