उत्तर प्रदेशकौशांबीराज्य खबरें

पूजा पाल का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोलीं- योगी सरकार को धन्यवाद दिया तो सपा से निकाल दिया

जन एक्सप्रेस /कौशांबी :- कौशांबी जिले की चायल विधानसभा से विधायक पूजा पाल को हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद से पूजा पाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लगातार सक्रिय हैं और विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर लगातार हमलावर नजर आ रही हैं।

शनिवार को उन्होंने समाजवादी पार्टी से अपने अलग होने को लेकर बड़ा बयान दिया और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सीधे निशाना साधा।

अखिलेश यादव को संबोधित कर कही ये बात

पूजा पाल ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि,”श्री अखिलेश यादव जी, आज आप किस अधिकार से पिछड़ों और महिलाओं की बात करते हैं? मैं पाल समाज से हूं, पिछड़ा वर्ग से आती हूं, एक महिला हूं और आपकी ही पार्टी से विधायक भी रही।”

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जब उनके पति के हत्यारे के खिलाफ कार्रवाई हुई और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उनकी सरकार का धन्यवाद किया, तो उन्हें समाजवादी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।

‘योगी सरकार को धन्यवाद देने पर निकाला गया’

पूजा पाल ने अपनी पोस्ट में लिखा,

“मेरे पति का हत्यारा जब मिट्टी में मिला और मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनकी सरकार को धन्यवाद दिया, तो आपने मुझे पार्टी से निकाल दिया।”

इस पोस्ट के जरिए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर पिछड़े वर्ग और महिलाओं के सम्मान को लेकर सवाल उठाए।

भाजपा में नई जिम्मेदारी के बाद बढ़ी सक्रियता

भाजपा ने हाल ही में पूजा पाल को उत्तर प्रदेश इकाई का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके बाद से वह लगातार संगठन और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी सक्रियता बढ़ा रही हैं। सोशल मीडिया पर उनके कई पोस्ट समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर केंद्रित रहे हैं।

पूजा पाल पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और बाद में समाजवादी पार्टी में रही हैं। वर्तमान में वह भाजपा की नेता और कौशांबी के चायल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button