देश

बिहू नृत्य का विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी, प्रधानमंत्री मोदी भी बनेंगे गवाह

गुवाहाटी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को असम आ रहे हैं। बोहाग बिहू के दिन बिहू नृत्य का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की गयी है। गुवाहाटी शहर के सोरूसजाई स्टेडियम में एक ही समय में 11 हजार से अधिक बिहुवा-बिहुवतियां (पुरुष-महिला नृत्य कलाकार) बिहू नृत्य का प्रदर्शन कर विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार हैं। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। इस दिन असम प्रदेश भाजपा प्रधानमंत्री मोदी का गुवाहाटी एयरपोर्ट से सड़क के रास्ते सोरुसजाई स्टेडियम तक पहुंचने के दौरान भव्य स्वागत करने की योजना बना रही है।

इस संबंध में सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन असम प्रदेश भाजपा प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने की तैयारी कर रही है।

उल्लेखनीय है कि इसी दिन चांगसारी स्थित एम्स का भी प्रधानमंत्री औपचारिक रूप से उद्घाटन करेंगे। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की लंबे समय से यह इच्छा रही है कि पूर्वोत्तर के लोगों को चिकित्सा सेवा प्रदान करने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाए। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी असम में एम्स समेत तीन नए मेडिकल कॉलेजों का भी औपचारिक रूप से वर्चुअली उद्घाटन करेंगे।

14 अप्रैल को चांगसारी में एम्स के उद्घाटन के साथ नरेन्द्र मोदी वर्चुअली कोकराझार, नगांव और नलबाड़ी में तीन नवनिर्मित मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन भी करेंगे। हाल ही में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने मेडिकल शैक्षणिक वर्ष 2023-24 से एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने की अपनी अनुमति दी है। राज्य सरकार ने इसके लिए अभी से जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

माना जा रहा है कि इस दिन प्रधानमंत्री मोदी पूर्वोत्तर के लिए पहली ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को भी हरी झंडी दिखा सकते हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) ने इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। इसके बावजूद पूसीरे के सूत्रों ने बताया है कि केंद्रीय रेलवे मंत्रालय को वंदे भारत चलाने के लिए आवश्यक सभी तैयारियों की जानकारी से अवगत करा दिया गया है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि रेलवे मंत्रालय की ओर से इस संबंध में क्या तैयारियां की गई हैं।

संभवतः पूर्वोत्तर में चलने वाली वंदे भारत न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी को जोड़ने वाली सबसे तेज ट्रेन सेवा होगी। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोरूसजाई स्टेडियम से असम के लोगों को बिहू के उपहार के रूप में नामरूप में असम पेट्रोकेमिकल लिमिटेड के विस्तारित मेथनॉल प्लांट का भी लोकार्पण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button