
जन एक्सप्रेस संवाददाता, नैनीताल। शहर में हिन्दू लड़की और मुस्लिम युवक की दोस्ती को लेकर बुधवार देर शाम सांप्रदायिक तनाव फैल गया। एक सामान्य मारपीट के मामले में युवक हनी नवाब को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था। तभी शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा युवक के समर्थन में कोतवाली पहुंच गई। इससे मामला तूल पकड़ गया।
छात्रा के पहुंचने की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ता और उसके परिजन कोतवाली पहुंचे। युवक का समर्थन करता देख स्वजन आक्रोशित हो गए और छात्रा को थप्पड़ जड़ दिया। इसी बीच हिंदूवादी संगठनों ने युवक पर लड़की को बरगलाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। तनाव बढ़ता देख कोतवाली में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
युवक को घर भेजा, लेकिन घर पर हमला
मामले के बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने हनी नवाब को उसके घर भेज दिया। लेकिन जैसे ही यह खबर फैली, कुछ लोग उसके घर पहुंच गए। वहां युवक नहीं मिला, तो उसके पिता नजर खान की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवती का साथ नहीं छोड़ा
हालात बिगड़ते देख भी युवती ने युवक का साथ नहीं छोड़ा। वह लगातार यही कहती रही कि हनी सिर्फ उसका दोस्त है और उसने कोई गलत काम नहीं किया है। उसने अपने परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे महिला कांस्टेबल के कक्ष में पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि सुबह युवती को उसकी मां के सुपुर्द किया जाएगा।
मौलवी पर धमकी देने के आरोप
हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में मौलाना पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि मौलवी ने सभी को देख लेने और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी है। इस आरोप के बाद कोतवाली में मौजूद लोगों का आक्रोश और भड़क गया।
पुलिस की कड़ी निगरानी
घटना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। कोतवाल हेम चंद्र पंत के अनुसार, “पूछताछ के लिए युवक को बुलाया गया था, पर कुछ लोगों ने इसे साम्प्रदायिक रंग देकर माहौल खराब करने की कोशिश की। हालात काबू में हैं, और युवती को पुलिस सुरक्षा दी गई है।”इस पूरे घटनाक्रम ने शहर के धार्मिक सौहार्द को चुनौती दी है। फिलहाल पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है ताकि माहौल और न बिगड़े।






