तिलाड़ी दिवस पर शहीदों को नमन, संवाद से बने समाज का संकल्प

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: राजशाही के खिलाफ हक और जनाधिकारों की लड़ाई में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले रंवाई क्षेत्र के अमर शहीदों को तिलाड़ी दिवस पर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। तिलाड़ी शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और विधायक संजय डोभाल ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
नगर पालिका बड़कोट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने तिलाड़ी कांड को उत्तराखंड के इतिहास का गौरव बताते हुए कहा कि जंगल, जमीन और जनाधिकारों की रक्षा के लिए यहां के लोगों ने अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई थी।
संवाद ही हर समस्या का समाधान: डीएम प्रशांत आर्य
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि तिलाड़ी का इतिहास हमें संवाद और समझदारी की सीख देता है। उन्होंने कहा कि चाहे राजशाही का दौर हो या वर्तमान समय, हर समस्या का समाधान बातचीत से ही निकलता है। जब संवाद समाप्त होता है, तब संघर्ष और आंदोलन जन्म लेते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो साहस और त्याग दिखाया, उससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आना चाहिए।
शहीदों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा: विधायक संजय डोभाल
विधायक संजय डोभाल ने कहा कि तिलाड़ी के शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। रंवाई क्षेत्र का इतिहास प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रखता है। उन्होंने कहा कि तिलाड़ी शहीद स्थल को और विकसित किया जाएगा ताकि यहां आने वाली नई पीढ़ी शहीदों के संघर्ष और बलिदान की गाथा को जान सके।
उन्होंने कहा कि तिलाड़ी हमें यह संदेश देता है कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, अन्याय के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाएं और समाज में संवाद बनाए रखें। छोटी-छोटी बातों को विवाद का रूप देने के बजाय आपसी बातचीत से समाधान निकालना चाहिए।
एकता और संवाद से मजबूत होगा समाज
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज तभी मजबूत बनता है जब लोग मिल-जुलकर आगे बढ़ते हैं। तिलाड़ी का बलिदान हमें याद दिलाता है कि अधिकारों की रक्षा और न्याय की मांग भी राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है तथा संवाद से बड़ा कोई हथियार नहीं है।
इस अवसर पर ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






