
जन एक्सप्रेस पौड़ी (गढ़वाल):जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को सतपुली क्षेत्र में निर्माणाधीन झील, एंगलर हट, टूरिस्ट रेस्ट हाउस और पार्किंग स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
झील निर्माण की मांगी विस्तृत रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन बैराज और झील का जायज़ा लिया और झील निर्माण की विस्तृत रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
एंगलर हट संचालन के लिए शीघ्र शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
डीएम ने एंगलर हट सतपुली का भी दौरा किया और संचालन हेतु टेंडर प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हटों में पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
पार्किंग और रेस्ट हाउस का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सतपुली में बन रही पार्किंग व्यवस्था और 40 बेड के टूरिस्ट रेस्ट हाउस की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गति लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
लैंसडाउन के ‘टिप इन टॉप’ पर बनेगा मचान, लगेगा टेलिस्कोप
पर्यटन को और अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में जिलाधिकारी ने लैंसडाउन स्थित ‘टिप इन टॉप’ पर मचान निर्माण हेतु स्थल चयन के निर्देश दिए। उन्होंने मचान पर टेलिस्कोप लगाने की बात कहते हुए इसे पर्यटकों के लिए एक अनोखा अनुभव बनाने की योजना पर ज़ोर दिया।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सतपुली श्रेष्ठ गुनसोला, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग संदीप कुमार मौर्य, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।






