राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में धूमधाम से मनाया गया रजत जयंती वार्षिकोत्सव, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

जन एक्सप्रेस/चिन्यालीसौड़: चिन्यालीसौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय में रजत जयंती वार्षिकोत्सव एवं मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा जगत के गणमान्य व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। अतिथियों का स्वागत बैज अलंकरण, पौधा एवं शॉल भेंट कर किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि रजत जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संस्थान की उपलब्धियों, विद्यार्थियों की सफलता और शिक्षकों के समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। इस दौरान विभिन्न संकायों के 25 टॉपर्स विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रमुख रूप से गुंजन, स्मृति, साक्षी राणा, रूपा, सौम्यजीत, स्वाति, ज्योति, आसमा और शिवानी भट्ट सहित अन्य छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि देहरादून छावनी क्षेत्र की विधायक सविता कपूर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं और सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. जी.एस. रजवार (कुलपति, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय) ने विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और नवाचार के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं प्रो. आर.एस. असवाल (प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय ब्रह्मखाल) ने अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं संस्थापक सदस्य उम्मेद सिंह बिष्ट ने महाविद्यालय की 25 वर्षों की यात्रा के अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों—नृत्य, गीत और कविता पाठ—की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. किशोर सिंह चौहान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सुगंधा वर्मा द्वारा किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, अभिभावक, पूर्व छात्र, छात्रसंघ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






