सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मृत दंपति की नाबालिग पुत्रियों को भेजी आर्थिक सहायता

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर के खुटहन क्षेत्र के मलूकपुर गांव में दलित दंपति रामचरित्तर और किस्मत्ती देवी की हत्या के बाद उनकी नाबालिग बेटियां बेसहारा हो गई थीं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बेटियों की मदद के लिए 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता भेजी। यह सहायता सपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सूर्यभान यादव ने शनिवार को पीड़ित परिवार को चेक के रूप में प्रदान की।
पुलिस जांच पर उठे सवाल
डॉ. सूर्यभान यादव ने चेक सौंपते समय कहा कि भाजपा शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने केवल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि इस जघन्य हत्या में 10 से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस पर विशेष वर्ग के लोगों को बचाने का आरोप लगाते हुए गहन जांच की मांग की।
हत्या ने मचाई सनसनी
5 सितंबर को रामचरित्तर और उनकी पत्नी सिंचाई के लिए खेत पर गए थे और लापता हो गए। दस दिन बाद उनके शव नहर में मिले, और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने अपहरण, हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया, जिनमें से तीन को जेल भेजा जा चुका है।