
जन एक्सप्रेस/पुरोला: व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं दायित्वधारी राज्य मंत्री नवीन चंद वर्मा यमुना घाटी भ्रमण के दौरान पुरोला पहुंचे, जहां नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नवीन चंद वर्मा ने स्थानीय व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं व्यापार से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों को विस्तार से सुना। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाले मुद्दों तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
प्रदेश अध्यक्ष ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है और व्यापारी वर्ग क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ व्यापारियों तक पहुंचाना तथा उनके हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से एकजुट होकर कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने अपने सुझाव साझा किए और प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे भी उठाए। इस दौरान पुरोला व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र असवाल, कबूल पंवार, तिलक रमोला, बलदेव रावत सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।






