मनरेगा भुगतान में देरी पर गरजी कांग्रेस, कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर मनरेगा मजदूरों की बकाया मजदूरी और संविदा कर्मियों के लंबित मानदेय को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और तत्काल भुगतान की मांग उठाई गई।
धरने को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि कई महीनों से प्रदेश के मनरेगा मजदूरों को उनकी मेहनत की मजदूरी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब आठ महीने से 40 हजार से अधिक रोजगार सेवक और मनरेगा से जुड़े संविदा कर्मी मानदेय के इंतजार में हैं, जो सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों को उजागर करता है।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि “डबल इंजन” की सरकार मजदूरों का हक छीनकर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है। महंगाई की मार झेल रहे गरीब और श्रमिक वर्ग की अनदेखी की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मजदूरी और मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को सौंपा।
इस दौरान सत्यवीर सिंह, देवराज पांडेय, विनय तिवारी, शेर बहादुर सिंह, लाल प्रकाश पाल, अरुण शुक्ला, राकेश सिंह डब्बू, रेखा सिंह, कृष्णचंद निषाद, इरशाद खान राजू, शहनवाज मंजूर, अनिल दूबे आजाद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया।






