पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के करीबी सुधांशु शुक्ला बने भाजपा अमेठी के नए जिलाध्यक्ष

जन एक्सप्रेस/अमेठी: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूती देने के उद्देश्य से अमेठी जिले में बड़ा बदलाव किया है। सुधांशु शुक्ला को भाजपा अमेठी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। सुधांशु शुक्ला भाजपा की जमीनी राजनीति से जुड़े हुए नेता हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के करीबी माने जाते हैं। वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और अमेठी में भाजपा को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा है।
सुधांशु शुक्ला इससे पहले भाजपा अमेठी मंडल के जिला महामंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ ने उन्हें जिले की राजनीति में एक महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया है।सुधांशु शुक्ला की सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ से भाजपा को आगामी चुनावों में फायदा मिलने की उम्मीद है। अमेठी में भाजपा को और मजबूती देने के लिए यह नियुक्ति की गई है।
जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद सुधांशु शुक्ला ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा,”भाजपा ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। संगठन को और मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करूंगा।”
अमेठी लोकसभा सीट राजनीतिक रूप से हमेशा सुर्खियों में रही है। स्मृति ईरानी के करीबी माने जाने वाले सुधांशु शुक्ला की नियुक्ति को भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इससे न केवल पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं में भी जोश और उत्साह बढ़ेगा। सुधांशु शुक्ला के जिला अध्यक्ष बनने पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।