
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जे. एस. चुफाल ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) इग्यारदेवी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, वार्डों की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए चिकित्सकों और कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समयपालन बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहली शर्त है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. चुफाल ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम को निर्धारित रूटीन रोस्टर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) की संख्या बढ़ाने के लिए क्षेत्र में प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया।

सीएमओ ने अस्पताल में बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और जैव-चिकित्सा अपशिष्ट का निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर की स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के अंत में डॉ. जे. एस. चुफाल ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने तथा प्रत्येक कर्मचारी को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।






