खरसेंडा ग्राम पंचायत में पानी की गंभीर समस्या: सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
विकास कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन को चेतावनी

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: ब्लाक पहाड़ी के ग्राम पंचायत खरसेंडा में पानी की गंभीर समस्या को लेकर लगभग दो सौ ग्रामीणों ने माननीय राज्य मंत्री सेवा योजना प्रभारी मंत्री और अपर जिलाधिकारी न्यायिक को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने पीने के पानी की स्थिति को लेकर प्रशासन की लापरवाही की ओर ध्यान आकर्षित किया। बताया गया कि पिछले छह महीने से सभी हैण्डपम्प खराब हैं और एक साल पहले पीने के पानी की टंकी से समर्सेबल निकाल दिया गया, जिससे वहां के लोग नहर और गढ़े का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
लापरवाही पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि गर्मी बढ़ने के कारण नहर और गढ़े का पानी सूखने लगा है और अब ग्रामीणों के पास पीने के लिए एक-एक बूंद पानी नहीं बचा है। इस मुद्दे को कई बार कर्वी उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी पहाड़ी और सचिव को सूचित किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ज्ञापन मिलने के बाद प्रभारी मंत्री ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने बीडीओ से रिपोर्ट मांगी और सचिव पर कार्रवाई करने की भी बात कही।
समाजवादी पार्टी का आंदोलन की चेतावनी
समाजवादी पार्टी के 236 विधानसभा उपाध्यक्ष और अध्यक्ष बुंदेली आवाज किसान विकास समिति के विशाल भाई ने कहा कि यदि जल्द ही पीने के पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ी तो धरने पर भी बैठेंगे। इस दौरान लगभग दो सौ ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे।






