टीचर्स कॉलोनी के ऊपर से गुजर रही 11000 केवी लाइन पर बवाल, निवासियों ने डीएम से लगाई गुहार
नहरिया रोड से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन से बढ़ा जान-माल का खतरा

बांदा, जनएक्सप्रेस संवाददाता: नगर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारी रोड स्थित टीचर्स कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को जिलाधिकारी जे. रिभा से मिलकर विद्युत विभाग द्वारा नहरिया रोड में डाली जा रही 11000 केवी की हाई वोल्टेज लाइन पर रोक लगाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लाइन पहले से ही तिंदवारी रोड के मुख्य मार्ग से जा रही है, लेकिन अब इसे भीतर के संकरे और रिहायशी नहरिया रोड से ले जाया जा रहा है, जिससे हजारों लोगों की जान जोखिम में पड़ जाएगी।
मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई कि इस प्रक्रिया में नहरिया रोड पर खड़े दर्जनों छायादार हरे वृक्ष काटे जा सकते हैं, जिससे न केवल पर्यावरणीय क्षति होगी, बल्कि कॉलोनी के सौंदर्य और जलवायु संतुलन पर भी बुरा असर पड़ेगा। निवासियों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि लाइन को किसी वैकल्पिक मार्ग से ले जाया जाए, ताकि जन सुरक्षा और पर्यावरण दोनों की रक्षा हो सके।
इस मौके पर एडवोकेट दिनेश कुमार पटेल, राजू गुप्ता, राजेश, ममता, शिवकुमार, संजय, अंजू, उमाशंकर सहित दर्जनों स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि जनहित और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए, और जब तक कोई संतोषजनक समाधान न निकले, तब तक कार्य रोका जाए।






