रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर, मासूम बच्ची समेत 5 की दर्दनाक मौत
गुरैनी बाजार के पास देर रात हुआ हादसा, 12 से अधिक घायल; एक की हालत गंभीर, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

जन एक्सप्रेस जौनपुर: जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर लापरवाही और रफ्तार के कहर को उजागर कर दिया। गुरैनी बाजार के पास अनुबंधित रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक मासूम बच्ची (5 वर्ष), दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।इस हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उसे तत्काल वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार जिला अस्पताल और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जौनपुर से सवारियों से भरी अनुबंधित रोडवेज बस किसी कारणवश गलत दिशा (रॉंग साइड) में आ गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई।
प्रशासन मौके पर, इलाज के निर्देश:
हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और एसपी डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और समुचित इलाज के निर्देश दिए। साथ ही हादसे की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
शोक की लहर, जांच की मांग
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक नियमों के पालन और रॉंग साइड ड्राइविंग पर सख्ती की मांग की है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि अनुबंधित रोडवेज बसों की मॉनिटरिंग क्यों नहीं हो रही?






