मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 53वां जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया
दिव्यांगों को मिला आवास और ट्राईसाइकिल, वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 53वां जन्मदिवस जनपद जौनपुर में जनसेवा और सामाजिक सरोकार के साथ अत्यंत उत्साहपूर्वक मनाया गया। दो अलग-अलग कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी ने जन्मदिवस को एक जनकल्याण पर्व में तब्दील कर दिया।
बदलापुर में दिव्यांग को मिला नया आशियाना
बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मरगूपुर में भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने मुख्यमंत्री दिव्यांग आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थी प्रेमा देवी पत्नी रामचंद्र गौतम को नवनिर्मित आवास की चाभी सौंपी। इस अवसर पर लाभार्थी को सम्मानित भी किया गया और उनके परिवार के साथ मुख्यमंत्री का जन्मदिवस केक काटकर मनाया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी योगिता सिंह, खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। दिव्यांगों के लिए यह आवास योजना एक सशक्त कदम है जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा।” वहीं दूसरी तरफ राजपूत सेवा समिति के तत्वावधान में टी.डी. इंटर कॉलेज, जौनपुर में आयोजित समारोह में शाहगंज विधायक रमेश सिंह (नेता, विधानमंडल दल, निषाद पार्टी) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण से की गई, जिसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की विशेष कड़ी में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गई, जिससे उनके जीवन में नया आत्मविश्वास और सहारा जुड़ा।
इस मौके पर जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह डा कौस्तुभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौऊजनप्रतिनिधिगण, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान व भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ जीवन और उत्तर प्रदेश की प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें प्रदेश के विकास में भागीदारी का संकल्प लिया गया।
जन कल्याण और सेवा के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री का जन्मदिवस इस वर्ष जौनपुर में सामाजिक उत्थान की नई मिसाल बनकर सामने आया।