ईद के पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में काफी ज्यादा उत्साह…

लखनऊ। देशभर में ईद के पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में काफी ज्यादा उत्साह है। 11 अप्रैल को ईद का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जायेगा। लेकिन देश के कई हिस्सों में आज यानी 10 अप्रैल को ईद मनाई जा रही है। केरल, तमिलनाडु, कश्मीर समेत यूपी के कई क्षेत्रों में आज ही ईद की नमाज अदा की गई और ईद का पर्व मनाया जा रहा है। वहीं राजधानी लखनऊ में भी शिया समुदाय के कुछ लोगों ने आज ईद-अल-फितर की नमाज पढ़ी और पूरे दिन ईद का पर्व मना रहे हैं।
बता दें कि बुधवार सुबह ईद अल फित्र को लेकर आज लखनऊ के तहसीनगंज स्थित जामा मस्जिद, सरफराजगंज और पुरानी लखनऊ की तमाम मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। दरअसल, बीती देर रात शिया मुस्लिम धर्मगुरु सैयद सैफ अब्बास नकवी ने दावा करते हुए बताया था कि अरब, ईराक, पाकिस्तान और भारत के कारगिल में चांद देखा गया। ऐसे में शिया समुदाय के कुछ लोग आज 10 अप्रैल को ईद का पर्व मना रहे है।