उत्तर प्रदेशचित्रकूट

72 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य, तैयारी को लेकर गंगा, पर्यावरण और वृक्षारोपण समितियों की बैठक सम्पन्न

मुख्य विकास अधिकारी ने दिए जियो टैगिंग, पॉलिथीन नियंत्रण, स्वच्छता और जनजागरूकता पर सख्त निर्देश

चित्रकूट (जन एक्सप्रेस): कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्ययोजना बनाना रहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन्होंने वित्तीय वर्ष 2024 में पौधारोपण किया है और अब तक जियो टैगिंग नहीं कराई है, वे इसे तत्काल पूर्ण करें। साथ ही उपनिदेशक रानीपुर टाइगर रिजर्व को निर्देश दिए कि लापरवाह विभागों को नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को इस वर्ष के पौधारोपण लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु तत्काल माइक्रो प्लान तैयार कर गड्ढों की खुदाई एवं पौधों की उठान सुनिश्चित करने को कहा। वन विभाग को कार्य योजना शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्वच्छता, पॉलिथीन प्रतिबंध और जनजागरूकता पर भी जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों के नजदीकी नर्सरियों से पौधों की उपलब्धता की व्यवस्था सुनिश्चित करें। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया गया कि बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले निजी अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई करें।

नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बड़े व्यापारियों की दुकानों पर पॉलिथीन के विरुद्ध छापेमारी कर कार्रवाई करें। पुलघाट विसर्जन कुंड में उचित चिन्हांकन कराए जाने और सुंदर घाट रेलवे पुल के पास सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।

आश्रमों में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने आश्रमों के लिए नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे वहां जाकर पॉलिथीन प्रतिबंध, सफाई और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं और उसकी फोटो सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।

पौधारोपण अभियान: 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
उपनिदेशक रानीपुर टाइगर रिजर्व/प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कुमार कटियार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 7 जुलाई 2025 तक जिले में विशेष पौधारोपण अभियान चलेगा। इस वर्ष जिले को कुल 72 लाख 33 हजार 520 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है, जिसे समयबद्ध ढंग से पूरा करना है।

बैठक में इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में उप जिलाधिकारी मानिकपुर मोहम्मद जसीम, परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी इंद्र नारायण सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा, जिला उद्योग केंद्र के उपयुक्त एस के केसरवानी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी राजदीप वर्मा, अधिशासी अभियंता सिंचाई एसके प्रसाद, लोक निर्माण विभाग से अखिलेश कुमार, विद्युत विभाग राजापुर से शिव कुमार सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button