शादी समारोह में आया युवक बना चोरी का शिकार, गेस्ट हाउस से बाइक उड़ाई
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस ने शुरू की तलाश पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की

जन एक्सप्रेस हाथरस / सिकंद्राराऊ। सिकंद्राराऊ के एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की बाइक अज्ञात चोर उड़ा ले गए। बदायूं जनपद के सहसवान निवासी शारीक सोमवार की रात कार्यक्रम में शामिल होने यहां आया था। कार्यक्रम के दौरान उसकी बाइक गेस्ट हाउस के बाहर खड़ी थी, जिसे मौका पाकर चोर चोरी कर ले गया।मंगलवार सुबह आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पता चला कि बाइक चोर वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट रूप से कैमरे में कैद हो गया है।
फुटेज में आरोपी बाइक स्टार्ट कर घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दे रहा है।घटना के बाद पीड़ित शारीक ने मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे सिकंद्राराऊ थाने पहुंचकर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम के अनुसार जल्द ही चोर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।






