CrimeLucknowUP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

लखनऊ में एलडीए के अवर अभियंता समेत तीन लोग ₹7.5 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/लखनऊ :- उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के एक अवर अभियंता, एक सुपरवाइजर और एक निजी व्यक्ति को ₹7.5 लाख रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से पूरी रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।

15 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक, उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर से शिकायत की थी कि एलडीए के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा उसके निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाने की चेतावनी दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में उसे बताया गया कि श्रवण कुमार ने जन शिकायत निस्तारण पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है और उसी के माध्यम से मामला सुलझाने की बात कही गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, श्रवण कुमार ने दावा किया कि अवर अभियंता से उसकी बात हो चुकी है और 15 लाख रुपये देने पर निर्माण के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होगी।

आरोप है कि बाद में एलडीए कार्यालय में अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा और सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश ने भी कथित रूप से 15 लाख रुपये की रिश्वत देने का दबाव बनाया।

शिकायत के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल

शिकायतकर्ता ने पूरी रकम एकमुश्त देने में असमर्थता जताई और दो किश्तों में भुगतान की बात कही। साथ ही उसने सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क कर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाने की इच्छा जताई।

सतर्कता अधिष्ठान ने शिकायत की गोपनीय जांच और निगरानी की। एजेंसी के अनुसार, जांच में रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।

₹7.5 लाख लेते समय पकड़े गए आरोपी

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, ट्रैप कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता से ₹7.5 लाख की पहली किश्त लेते समय एलडीए के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश तथा निजी व्यक्ति श्रवण कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के पास से कथित रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई।

सतर्कता अधिष्ठान ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन पर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button