utrakhandपुरोला

पुरोला में लगातार बिजली कटौती से व्यापारी परेशान, डीएम को ज्ञापन देकर उग्र आंदोलन की चेतावनी

जन एक्सप्रेस /पुरोला :-  नगर क्षेत्र पुरोला में पिछले कई दिनों से लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से व्यापारियों और आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। मंगलवार को नगर व्यापार मंडल ने अध्यक्ष अंकित पंवार के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी मुकेश रमोला के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि दिन और रात में बार-बार बिजली कटने से आम नागरिकों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार की अधिकांश गतिविधियां बिजली पर निर्भर हैं, जिसके कारण कई व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।

व्यापार मंडल के अनुसार दूध डेरी, कंप्यूटर सेंटर, फोटो कॉपी की दुकानें, मिष्ठान भंडार, कपड़े प्रेस करने वाले, ब्यूटी पार्लर और वेल्डिंग की दुकानें बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इससे व्यापारियों को प्रतिदिन आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर कई बार उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के अधिकारियों को फोन और अन्य माध्यमों से समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इससे व्यापारियों में विभाग के प्रति गहरा रोष है।

ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई कि यूपीसीएल को तत्काल बिजली आपूर्ति सामान्य करने तथा दीर्घकालिक समाधान के लिए आवश्यक मरम्मत एवं तकनीकी सुधार के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो नगर के व्यापारी जनसहभागिता के साथ उग्र आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, उपेन्द्र राणा, दौलत राम बडोनी, सोनू कपूर, अर्पण चौहान, भोपाल गुंसाई, बृजमोहन गैरोला सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन: पुरोला में बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग को लेकर एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button