मालवाहक वाहनों से तीर्थयात्रा करा रहे 23 चालकों पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा, ₹2.60 लाख का जुर्माना

जन एक्सप्रेस,चित्रकूट: जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रभारी यातायात शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने 23 ऐसे मालवाहक वाहनों (जैसे ट्रैक्टर-ट्राली और पिकअप लोडर) के खिलाफ प्रवर्तन कार्यवाही की जो अवैध रूप से तीर्थयात्रियों की ढुलाई कर रहे थे।
इस कार्रवाई के तहत कुल ₹2,60,500 का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इसके साथ ही 13 चालकों के चालन अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस) जब्त कर उन्हें निरर्हित/प्रतिसंहृत (सस्पेंड/रद्द) किए जाने की संस्तुति के साथ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को प्रेषित किया गया है।
यातायात विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि मालवाहक वाहनों में सवारी ढोना कानूनन प्रतिबंधित है और इससे जानमाल को गंभीर खतरा होता है। विभाग की अपील है कि लोग तीर्थ यात्रा के दौरान सुरक्षित और अधिकृत वाहनों का ही प्रयोग करें।






