उत्तराखंडनई टिहरी

कारगिल विजय दिवस पर नई टिहरी में शहीदों को श्रद्धांजलि

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर नई टिहरी में शौर्य, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बौराड़ी स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व सैनिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जवानों ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया।

कार्यक्रम से पहले स्कूली छात्र-छात्राओं ने बौराड़ी चौक से शहीद स्मारक तक प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।

राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संदेश

जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रहित को रखा और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि सेना में हर कोई नहीं जा सकता, लेकिन हर नागरिक अपने कार्यक्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करके देश की सेवा कर सकता है।

उत्तराखंड के 75 वीर सपूतों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त) कर्नल चन्द बहादुर ने बताया कि भारतीय सेना ने 26 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। इस युद्ध में देश के 527 सैनिक शहीद हुए थे, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सैनिक और टिहरी जनपद के 12 जवान शामिल थे। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

वीर नारियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में शहीद दलवीर सिंह की पत्नी रोशनी देवी तथा शहीद सत्ते सिंह की पत्नी संगीता देवी को सम्मान-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उनके साहस, धैर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को उपस्थित लोगों ने नमन किया।

देशभक्ति कार्यक्रम, रक्तदान और पौधारोपण

सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल और ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ने कनेर का पौधा लगाया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

चित्रकला प्रतियोगिता में अंशिका बहुगुणा प्रथम, आकांक्षा रावत द्वितीय और अनानिशा परवीन तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कुमारी अनुसूया ने प्रथम, फाइजा अली ने द्वितीय तथा श्रुति राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मेजर दीपक कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button