
जन एक्सप्रेस/उत्तराखंड : उत्तराखंड के चमोली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बुधवार सुबह जोशीमठ से रायवाला जा रही सेना की बस सोनला के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस बस में कुल 31 जवान सवार थे। हादसे में 9 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि अन्य को सामान्य चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस और प्राइवेट वाहनों की मदद से कर्णप्रयाग के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जिला प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी ने अस्पताल जाकर जवानों का हाल जाना और इलाज की व्यवस्था की निगरानी की।
जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने कहा कि, “सभी घायलों को प्राथमिक इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को आगे के इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी है।”
यह घटना एक बार फिर उत्तराखंड की कठिन पहाड़ी सड़कों पर परिवहन सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। बीते महीनों में उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई वाहन हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई जाने गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा उपायों को और अधिक सख्ती से लागू करने की आवश्यकता है।






