उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए हरपालपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना क्षेत्र के केवल पुरवा गांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में महिलाओं, बालिकाओं और ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

जागरूकता कार्यक्रम में थाना हरपालपुर की महिला आरक्षी संध्या कुमारी और आशा सिंह ने उपस्थित लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और लॉटरी, नौकरी अथवा बैंक अधिकारी बनकर किए जाने वाले फर्जी फोन कॉल्स से सतर्क रहें।

महिला पुलिसकर्मियों ने लोगों को सलाह दी कि अपना बैंक ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या यूपीआई संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी छोटी सी लापरवाही का फायदा उठाकर लोगों के बैंक खातों से रकम निकाल सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर सूचना देने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

इसके अलावा पुलिस टीम ने महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button