नगर पंचायत कजगांव की बोर्ड बैठक में हंगामा,सभासदों का बहिष्कार, अध्यक्ष पर पक्षपात के गंभीर आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के नगर पंचायत कजगांव कार्यालय में आयोजित बोर्ड बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब कई सभासदों ने बैठक का विरोध करते हुए बहिष्कार कर दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान की अध्यक्षता में चल रही बैठक के दौरान सभासदों ने जमकर नाराजगी जाहिर की और अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत क्षेत्र के कुछ चुनिंदा वार्डों में ही विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि शेष वार्डों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। उन्होंने अध्यक्ष पर अन्य वार्डों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब किसी वार्ड में विकास कार्य कराने की मांग की जाती है, तो उसे लगातार नजरअंदाज किया जाता है।
बैठक के दौरान विरोध कर रहे सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत में विकास कार्यों को लेकर पारदर्शिता का अभाव है और फैसले मनमाने ढंग से लिए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र की जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
विरोध करने वालों में सभासद सुनील विश्वकर्मा, आकाश सिंह (हनी), अरविंद प्रजापति, रितेश मौर्य, इकबाल अंसारी, अखिलेश यादव, इजलाश यादव, सुरज कन्नौजिया, अक्षय जायसवाल सहित कई सभासद मौजूद रहे।
सभासदों के इस विरोध के चलते नगर पंचायत की बोर्ड बैठक हंगामेदार माहौल में संपन्न हुई, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।






