दिल्ली/एनसीआर
मौसम बदला, हल्की बरसात से मिली गर्मी से राहत

नई दिल्ली । बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से आज (शनिवार) सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और सीमावर्ती दूसरे राज्यों के जिलों में बरसात होने से मौसम खुशगवार हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों समेत कई राज्यों में सुबह हल्की बारिश हुई। मौसम में अचानक परिवर्तन होने से गर्मी के बीच देशभर के मौसम का हाल बदल गया। लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई है।
मौसम विज्ञानी के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ में 18 से 20 मार्च तक बारिश होने की संभावना है। पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में भी बारिश हो सकती है। दिन के तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। देश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई है। इससे फसल खराब होने की आशंका है।






