मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओ व किशोरियों को किया गया जागरूक

जन एक्सप्रेस / हरदोई : सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा, स्वावलंबन एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में रविवार को हरपालपुर थाना क्षेत्र के इकनौरा गांव में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक अंजना सचान एवं महिला आरक्षी आशा और संध्या ने उपस्थित महिलाओं व किशोरियों को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया, साथ ही साइबर ठगी, सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट, ऑनलाइन छेड़छाड़, हैकिंग, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले अपराधों से सतर्क रहने के उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए। टीम प्रभारी ने आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 108, 102, 1076, 112, 1098 और 1930 के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें हर प्रकार के अपराध से सुरक्षित रखना है




